प्रतापगढ़ जिले की धमोतर थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चों से भेड़ चराने का बाल श्रम करवाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन बच्चों को कथित तौर पर एडवांस कर्ज के बदले काम पर लगाया गया था। नाबालिग बच्चे कर रहे थे भेड़ों की रखवाली पुलिस ने बताया- गायत्री सेवा संस्थान, प्रतापगढ़ के जिला समन्वयक रामचंद्र मेघवाल ने थाने में इसकी रिपोर्ट दी थी। संस्थान की टीम जब फील्ड विजिट पर थी, तब उन्हें सड़क किनारे तीन डेरे मिले। हर डेरे में एक नाबालिग बच्चा भेड़ों की रखवाली करता मिला। माता-पिता को दे रखा था कर्ज जांच में पता चला कि बच्चों के माता-पिता को पहले से कर्ज दिया गया था। इसी कर्ज के बदले बच्चों से बिना मजदूरी के भेड़ चराने का काम करवाया जा रहा था। तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश की और 21 सितंबर को रामेश्वर रेबारी, भोपाराम रेबारी और नारायण रायका को पकड़ा। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस यह कार्रवाई धमोतर थानाधिकारी घीसूलाल के नेतृत्व में बनी टीम ने की। इस टीम में एएसआई रेखा माली, कॉन्स्टेबल रविंद्र और कॉन्स्टेबल शंकरलाल शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।