प्रतापगढ़ में एक ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात सामने आई है। गहने देखने के बहाने आया बदमाश 4 सेकेंड में करीब 10 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गया। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना धरियावाद क्षेत्र में रविवार रात करीब 7:30 बजे हुई। 3 PHOTOS में देखें लूट की वारदात.. पद्मावती ज्वेलर्स के मालिक जुगल दोषी ने बताया - धरियावाद का आरिफ खान पहले शनिवार को दुकान पर आया था। आरोपी ने कहा कि 1.25 लाख के बजट में मुझे सोने की चेन देखनी है। चेन दिखाने पर उसने किसी को दिखाने का बहाना कर चेन की फोटो खींची। कुछ देर देखने के बाद आरोपी ने कहा कि, जिनके लिए चेन लेनी है, उन्हें फोटो भेजी है लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसलिए वो कल दोबारा आएगा। ज्वेलर ने बताया - बदमाश रविवार रात करीब 7:30 बजे दोबारा दुकान पर आया। तब मैं दुकान पर अकेला था। उसने मुझसे 4-5 सोने की चेन निकलवाई। इस दौरान आरोपी ने फोटो भेजने और हर चेन की कीमत पूछने के बहाने मुझे फोन में उलझाए रखा। इस दौरान ध्यान भटकते ही वह टेबल पर रखी करीब 56 से 58 ग्राम वजन की सोने की चेन और ब्रेसलेट लेकर फरार हो गया। घटना के बाद दुकान के बाहर क्षेत्र के ज्वेलर इकट्ठा हो गए। इसके बाद सभी पुलिस थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। थानाधिकारी हजारी लाला मीणा ने घटना की जानकारी ली और तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई। धरियावाद थानाधिकारी हजारीलाल ने बताया - जुगल दोषी ने कल रात नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने टीमें गठित कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी शुरू कर दी। लोकेशन ट्रेस कर और सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से आरोपी का पता लगाया जा रहा है। यह खबर भी पढ़ें जयपुर में बैंक मैनेजर को लिफ्ट में लूटा:जिम से लौटकर फ्लैट में जा रहे थे, अपार्टमेंट की लिफ्ट में दो बदमाशों ने पिस्टल तानी जयपुर में नकाबपोश 2 बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर यूनियन बैंक के मैनेजर नवीन कुमार शर्मा को लिफ्ट में लूट लिया। बदमाश सोने की चेन,कड़ा समेत अन्य ज्वेलरी ले गए। बदमाशों ने उनके अपार्टमेंट की लिफ्ट में इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस दौरान लिफ्ट में पड़ोसी युवती भी मौजूद थी। (पूरी खबर यहां पढ़ें)