प्रतापगढ़ की रठांजना थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम एमडी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक भी जब्त की है। पुलिस जीप देखकर बाइक मोड़ने लगा युवक पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को गश्त के दौरान गादोला से वरमंडल जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक युवक बिना नंबर की बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस जीप को देखकर उसने बाइक मोड़कर वापस जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में खाइयां होने के कारण वह ऐसा नहीं कर सका। पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम खालीद खां अजमेरी (24) बताया। उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 300 ग्राम एमडी बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी खालीद खां अजमेरी पुत्र अनवर खां, निवासी बागलिया, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।