प्रतापगढ़ में बावड़ी खेड़ा के पास गुरुवार को रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चित्तौड़गढ़ से प्रतापगढ़ आ रही रोडवेज बस और सामने से आ रही बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही धमोत्तर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक मदनलाल ने बताया कि घायल बाइक सवार को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया धमोत्तर थाना प्रभारी घीसूलाल ने बताया कि बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।