भास्कर न्यूज | ब्यावर उदयपुर रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्यावर में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के संयुक्त सहयोग से आयोजित 4 दिवसीय अध्यापक विकास कार्यक्रम के तीसरे दिन देश के 22 राज्यों से आए प्रतिभागी शिक्षाविदों ने सवेरे 6 बजे श्री आशापुरा माता के दर्शन किए। इसके पश्चात दिनभर विभिन्न ज्ञानवर्धक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सवेरे 9:30 से 10:30 बजे तक प्रतिभागियों ने माध्यमिक विभाग की कक्षाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान भारतीय शिक्षण पद्धति, प्रश्नोत्तरी तकनीक और विद्यालय की अनुशासित व्यवस्था की सभी शिक्षाविदों ने प्रशंसा की। दिन का ‌मुख्य आकर्षण शिशु वाटिका विज्ञान व गणित मेला रहा। इसमें भैया-बहिनों ने विज्ञान के रोचक प्रयोगों और गणितीय खेल-खेल में सीखने वाले मॉडलों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की जटिल सिद्धांतों को सरल रूप में प्रस्तुत करने की कला देखकर प्रतिभागी अभिभूत हो गए। दोपहर 12 से 1 बजे तक प्रतिभागियों ने बालिका विभाग का भ्रमण कर वहां दी जा रही संस्कारयुक्त शिक्षा प्रणाली का अवलोकन किया। शाम को 4 से 7 बजे के दौरान सभी प्रतिभागियों को रास स्थित प्रसिद्ध गणेश जी मंदिर के दर्शन करवाए गए। इसके पश्चात शाम 6 बजे आशापुरा माता मंदिर में संध्या आरती में शामिल हुए। सफल आयोजन में शिशु वाटिका प्रमुख पूनम, अंजलि राठौड़, भारती कुमावत, रेखा शर्मा, संतोष कुमारी, गीता शर्मा सहित अन्य का योगदान रहा।