नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद मंडावर में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश के अनुसार, मंडावर एसडीएम प्रियंका बड़गूजर को एपीओ (पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में) कर दिया गया है। उन्हें कार्मिक (क-4) विभाग, जयपुर में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं। उनके स्थान पर आरएएस अधिकारी राजेश मीणा को मंडावर का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। मीणा इससे पहले आमेट (राजसमंद) में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। हालांकि आधिकारिक आदेश में तबादले का कोई विशिष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन इसे नगरपालिका चुनाव के ठीक बाद हुए प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में 15 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसके तहत यह फेरबदल हुआ है।