यमुना जल समझौते के तहत प्रस्तावित हांसियावास डैम निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में तांबाखेड़ी गांव में किसानों का धरना सोमवार को 41वें दिन भी जारी रहा। 72 घंटे से आमरण अनशन पर बैठे किसान बलवंत पूनिया और राजेश बुरा का सोमवार को किसानों ने समझाइश के बाद अनशन समाप्त करवाया। किसान नेता महेंद्र सिंह सहारण और ताराचंद ने दोनों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। किसानों के अनशन समाप्त करने से नाराज महिला शक्ति ने विरोध जताते हुए खुद भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल पर सुशील देवी, मंजू देवी, इंद्रावती, रोशनी व सुमन देवी छींपा बैठी। धरने पर पहुंचे विधायक मनोज न्यांगली ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके पक्ष में आवाज उठाई।