पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां हत्या के एक आरोपी पर 6 हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित पर धारदार हथियारों और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और गोली भी चलाई। पीड़ित की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो हमलावर मंदार पर कुल्हाड़ी से लगातार वार कर रहे हैं। इस हमले में पीड़ित का हाथ कट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी 6 हमलावर स्कूटर पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। हमला होने के बाद खून से लथपथ मंदार लड़खड़ाते हुए सड़क पार करता है और फिर फुटपाथ पर गिर जाता है। उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से दो पिस्टल और एक मैगजीन बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से मंदार का पीछा किया और फिर कोर्ट के बाहर उसे घेरकर हमला किया। आरोपियों की पहचान और हमले के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस का मानना है कि यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद के कारण हुई थी। मंदार इस मामले में जेल में बंद था और मात्र चार दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है।