मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में आज (15 अक्टूबर) पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। इसके लिए सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक का टाइम तय किया गया है। इस दौरान सिर्फ अस्पताल, मेडिकल स्टोर, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाओं की छूट है। लुधियाना, पठानकोट, गुरदासपुर और जालंधर में सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं। इसके अलावा बाजार, हाईवेज भी बंद रहेंगे। परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह ने अपील की कि आज लोग गाड़ियां लेकर सड़कों पर न निकलें। इस बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), अकाली दल, कांग्रेस, अकाली दल-वारिस पंजाब दे, भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने समर्थन दिया है। परविंदर झोटा का 13 अक्टूबर को मानसा में नशा बेचने का विरोध करने पर फेसबुक लाइव के दौरान मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार ने गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। अश्विनी को पुलिस राजस्थान से गिरफ्तार कर चुकी है। उसका घर और मेडिकल स्टोर भी बुलडोजर से तोड़ दिया गया। झोटा के पिता भीम सिंह ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने इस हत्याकांड की CBI जांच की मांग की है।