शहर के सर्व ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान श्रीचंद्रबिहारीजी महाराज मंदिर की हवेली में नवनियुक्त चेयरमैन बीना शर्मा, पार्षद प्रतिमा शर्मा, अंजली शर्मा का अभिनंदन किया। समाज के महिला और पुरुष वर्ग ने तीनों महिला जनप्रतिनिधियों को माला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और साफा बंधवाकर सम्मानित किया। समाज की ओर से शहर के विकास और समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर मांग पत्र सौंपा। समाज ने परशुराम वाटिका के मार्ग पर सीसी रोड बनवाने, नगर पालिका क्षेत्र के किसी मुख्य स्थान पर भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित कर उस स्थान का नामकरण करने और नवरात्र में नगर पालिका के सहयोग से महिलाओं के लिए डांडिया कार्यक्रम करवाने का आग्रह किया। जनप्रतिनिधियों ने समाज के लोगों को आश्वासन दिया कि सभी मांगें वाजिब हैं। इन्हें पूरा करवाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। तीनों महिला पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के हित में वे अपने कदम पीछे नहीं हटाएंगी। संचालन प्रीतम शर्मा ने किया। समाज के अध्यक्ष जगदीश नारायण शर्मा, संयोजक पं. हेमराज गौतम, विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष गणेश गौतम, केशव शर्मा, अवधेश तिवारी, राजेंद्र गौतम, राजेश पालीवाल, अजय शर्मा, योगेशदत्त शर्मा, निलेश तिवारी, विजय शर्मा, पं. हनुमान प्रसाद शर्मा, महावीर गौतम, सतीश शर्मा, प्रीतम शर्मा, राघवेंद्र शुक्ला, मनोज दीक्षित, ललितकांत शर्मा, रवि चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया और अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया।