राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव 29 सितंबर को होंगे। अब 38 मतदाता RCA की छह सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। जिला क्रिकेट संघों को लेकर चली आपत्तियों और सुनवाई के बाद मंगलवार को चुनाव अधिकारी ए.के. पांडे ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। साथ ही लंबे समय से विवादों में चल रहे RCA चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। चुनाव अधिकारी की ओर से जारी अंतिम मतदाता सूची में 38 लोगों को मतदान का अधिकार दिया गया है। इनमें सबसे बड़ी संख्या जिला क्रिकेट संघों के सचिवों की है। 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव RCA की कार्यकारिणी चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनके अलावा जयपुर और नागौर की एडहॉक कमेटियों के कन्वीनर, दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। वहीं सूची के मुताबिक 98 पदाधिकारी अब RCA के 6 पदों के लिए चुनावी मैदान में हैं। इन्हीं में से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और सदस्य मिलेंगे। 36 जिला संघों की कार्यकारिणी भी घोषित चुनाव अधिकारी ने केवल वोटर लिस्ट ही जारी नहीं की, बल्कि 36 जिला क्रिकेट संघों की तीन सदस्यीय कार्यकारिणी की सूची भी जारी कर दी है। इन्हीं जिला संघों के पदाधिकारी RCA की छह सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में उम्मीदवार बन सकते हैं। ऐसे में 98 नामों में से अब छह लोगों का चयन होगा। ये छह पदाधिकारी अगले कार्यकाल में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की कमान संभालेंगे। जयपुर-नागौर में एडहॉक कमेटी, तीन जिलों में अध्यक्ष तो राजसमंद में कोषाध्यक्ष का पद खाली हालांकि जिला संघों की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है। चुनाव अधिकारी की सूची में जयपुर और नागौर में एडहॉक कमेटी होने की बात सामने आई है। वहीं, बाड़मेर, बीकानेर और हनुमानगढ़ में अध्यक्ष का पद रिक्त है। इसके अलावा राजसमंद में कोषाध्यक्ष का पद खाली है। इसके बावजूद इन जिला संघों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर नहीं किया गया है। ऐसे में अब RCA चुनाव की पूरी प्रक्रिया इन्हीं परिस्थितियों के बीच आगे बढ़ेगी। 3 नए जिलों को भी चुनावी प्रक्रिया में जगह RCA चुनाव को लेकर सबसे अहम बात यह है कि तमाम विवादों और आपत्तियों के बावजूद चुनाव अधिकारी ने डीडवाना-कुचामन, बालोतरा और खैरथल-तिजारा को भी वोटर लिस्ट में शामिल करने के साथ चुनाव लड़ने के लिए योग्य माना है। इन जिलों की पात्रता को लेकर पहले से विवाद और आपत्तियां सामने आती रही थी। ऐसे में चुनाव अधिकारी के फैसले के बाद इन जिलों को चुनावी प्रक्रिया में जगह मिलना मुकाबले के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। अब इन जिलों के प्रतिनिधियों को भी RCA की चुनावी प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा। कल से नामांकन, 29 सितंबर को फैसला फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही अब चुनावी प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर गई है। 23 सितंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट होगी और छह पदों के लिए मुकाबला सामने आएगा। 29 सितंबर को 38 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसी मतदान के बाद तय होगा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और सदस्य के पद पर कौन पहुंचेगा। विवादों के बीच चुनाव ने पकड़ा जोर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव लंबे समय से विवादों और खींचतान के कारण चर्चा में रहा है। जिला संघों की पात्रता से लेकर वोटर लिस्ट और चुनाव में भागीदारी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। अब चुनाव अधिकारी की ओर से अंतिम वोटर लिस्ट और जिला संघों की कार्यकारिणी सूची जारी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया को निर्णायक मोड़ मिल गया है। 38 वोटर, 98 दावेदार और RCA के सिर्फ छह पद अब अगले सात दिन राजस्थान क्रिकेट की चुनावी राजनीति के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं। 23 सितंबर से नामांकन शुरू होने के साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि कौन किसके सामने ताल ठोक रहा है और किन पदों पर सीधा मुकाबला बनता है। 29 सितंबर को होने वाला मतदान राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की नई तस्वीर तय करेगा।