राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तैयारियां जारी हैं। निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि इन चुनावों में लगभग 1.55 लाख पदों पर निर्वाचन होगा, जो नगरीय निकाय चुनाव के 10,245 पदों से ज्यादा है। आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को सतर्कता और बेहतर तालमेल से तैयारियां करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों। राजेश्वर सिंह ने हर ग्राम पंचायत में जनरेटर और लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा। बिजली कंपनियों से समन्वय बनाकर निर्बाध सप्लाई के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर करने के आदेश भी दिए गए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए। बैठक में मतदान दलों के प्रशिक्षण, परिवहन, ईवीएम, मतपत्रों की छपाई, सामग्री प्रबंधन और दिव्यांग-वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा हुई।