राजसमंद में पुलिस एवं करियर संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में प्रकाशित मासिक ई-पत्रिका ‘डिजिटल प्रहरी’ के चतुर्थ अंक का विमोचन किया गया। महिला साइबर सुरक्षा पर केंद्रित विशेषांक की थीम ‘सजग नारी, सुरक्षित डिजिटल संसार’ रखी गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ओम प्रभा, साइबर पुलिस थाना राजसमंद के प्रोग्रामर खैरूल वसीम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हेड कांस्टेबल रतन लाल रेगर और सूचना सहायक नरेंद्र सालवी ने संयुक्त रूप से ई-पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर ओम प्रभा ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में महिला सशक्तिकरण के लिए डिजिटल सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और छात्राएं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रही हैं, लेकिन डीपफेक, फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन स्टॉकिंग और ब्लैकमेलिंग जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भय के बजाय सजगता ही महिलाओं की असली सुरक्षा है। ई-पत्रिका के चतुर्थ अंक में महिला साइबर अपराध शब्दावली, डीपफेक और सोशल मीडिया सुरक्षा गाइड, राजस्थान पुलिस की एडवाइजरी, कॉमिक स्ट्रिप, साक्षात्कार, प्रेरणादायी आलेख, क्विज के परिणाम और जन-आवाज सहित उपयोगी सामग्री शामिल की गई है। खैरूल वसीम ने बताया कि ई-पत्रिका को सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, सीएससी, ई-मित्र केंद्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।