राजसमंद जिले में बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पैगंबर साहब के यौम-ए-पैदाइश की खुशी में मंगलवार को हुसैनी चैक, नायकवाड़ी, सिलावटवाड़ी, पठानवाड़ी, रजा कॉलोनी सहित विभिन्न मोहल्लों और मस्जिदों पर आकर्षक सजावट की गई। नाथद्वारा में भी जामा मस्जिद, नया मोहल्ला सहित मुस्लिम समाज के घरों पर विशेष विद्युत सजावट की गई। इस अवसर पर महफिलें मिलाद का आयोजन कर पैगंबर साहब की शान में नात और तकरीरें पेश की गईं। नाथद्वारा की जामा मस्जिद से जुलूस निकाला बुधवार दोपहर बाद नाथद्वारा की जामा मस्जिद से जुलूस निकाला गया। जुलूस केशव कॉम्प्लेक्स, लंबी सड़क, कुम्हारवाड़ा और बस स्टैंड होते हुए अंजुमन चैक पहुंचा। यहां से जुलूस गनी बाबा दरगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में पारंपरिक वेशभूषा में सैकड़ों युवा उत्साह के साथ शामिल हुए। जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए नाथद्वारा पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस जवान पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहे और जुलूस के साथ चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।