राजसमंद जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हो गए। सभी लोग गणेश विसर्जन करके गांव लौट रहे थे। सड़क पर अचानक मोड़ आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। 15-20 लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। जान बचाने के लिए चीखने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और जेसीबी बुलाकर ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को निकाला और रेलमगरा हॉस्पिटल भिजवाया। हादसा रेलमगरा थाना क्षेत्र के तुर्कीया खेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर 3:30 बजे हुआ। हादसे में हरीश लोहार (12) पुत्र राजकुमार, ललित (21) पुत्र भंवर सिंह, पुष्पा कंवर (45) पत्नी शंभू सिंह निवासी तकडिया का गुड़ा पाखंड और शंकर सिंह (60) पुत्र जोत सिंह निवासी तुरकिया खेड़ा की मौत हो गई। गंभीर घायलों को राजसमंद के आरके हॉस्पिटल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से मिले। देखें हादसे की तस्वीरें… चार ट्रैक्टर ट्रॉली में गए थे ग्रामीण थानाधिकारी प्रवीण सिंह जुगतावत ने बताया- 11 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर तुरकिया खेड़ा गांव से शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके बाद चार ट्रैक्टर ट्रॉली में बड़ी संख्या में ग्रामीण गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए सांसेरा स्थित जलदेवी तालाब गए थे। लौटते समय कालका माता रोड पर बोर का बावजी के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इन चार लोगों की हुई मौत हादसे में हरीश लोहार (12) पुत्र राजकुमार, ललित (21) पुत्र भंवर सिंह, पुष्पा कंवर (45) पत्नी शंभू सिंह निवासी तकडिया का गुड़ा पाखंड और शंकर सिंह (60) पुत्र जोत सिंह निवासी तुरकिया खेड़ा की मौत हो गई। हादसे में ये लोग हुए घायल हादसे में नारायणी (45) पत्नी भंवर लाल लोहार, सरिता (40) पत्नी प्रकाश दास निवासी फतेहनगर, आशा कंवर (19) पुत्री भंवर सिंह, सूरज कंवर (40) पत्नी पिंटू सिंह, सीमा गाडरी (27) पुत्री कालूराम गाडरी, सीमा अहीर (38) पुत्री गोपी लाल अहीर, भागु देवी लोहार (50) पत्नी भेरूलाल लोहार निवासी जेवाणा, अनीता कंवर, अर्जुन लाल खटीक, कृष्णा कंवर, प्रियंका, लीला और विशाल घायल हो गए। दो गंभीर घायल उदयपुर रेफर आरके हॉस्पिटल में भर्ती अनीता कंवर और ट्रैक्टर ड्राइवर अर्जुन की गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया। वहीं एक घायल आशा कंवर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शाम को सामूहिक भोज था जानकारी के अनुसार, गणेश उत्सव के समापन पर तुरकिया खेड़ा गांव में सामूहिक भोज का आयोजन रखा गया था। इसमें रिश्तेदारों को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तकडिया का गुड़ा गांव से अपनी बहू के पीहर पहुंची पुष्पा कंवर भी हादसे का शिकार हो गई।