राजसमंद में खमनोर तहसील के अंतर्गत उनवास ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है। सड़क, नाली निर्माण में अनियमितताओं का आरोप ग्रामीण ईश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक वर्ष से ग्राम पंचायत क्षेत्र में पिंक टॉयलेट, आंगनवाड़ी की दीवार का निर्माण, सीसी सड़क, नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों और निर्माण सामग्री की खरीद में अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में ग्राम पंचायत क्षेत्र में फलदार और छायादार हरे पेड़ों को कटवाकर बेचने के भी आरोप लगाए गए हैं। साथ ही निर्माण सामग्री सप्लाई करने वाली कंपनी से संबंधित चल रही जांच में भी अब तक कार्रवाई नहीं होने और मिलीभगत के आरोप लगाए गए। ईश्वर सिंह ने बताया कि उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत कई बार जानकारी मांगी, लेकिन जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि आरटीआई के तहत जानकारी लेने के लिए 19 हजार रुपए की डीडी भी बनवाई गई, लेकिन उसे सरकारी खजाने में जमा नहीं कराया गया और मामले में लगातार टालमटोल की जाती रही। ग्रामीण ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।