जोधपुर शहर में अपराध से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। युवती की अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर रेप का मामला सामने आया है, वहीं सेना परिसर से चोरी और सड़क किनारे खड़ी क्रेन चोरी होने की घटनाओं ने भी पुलिस के सामने चुनौती खड़ी की है। पढ़िए शहर की प्रमुख खबरें, एक नजर में। शहर के कल्पतरु सिनेमा के पास स्थित एक होटल में युवती को झांसे में लेकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शास्त्रीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी ने उसके निजी और अश्लील फोटो अपने पास रख लिए थे। इसके बाद वह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिजनों को भेजने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। धमकी के डर से जब पीड़िता मिलने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जोधपुर शहर में चोरों को हौसले बुलंद जोधपुर शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। रातानाडा क्षेत्र में स्थित सेना की 11 गार्ड्स यूनिट की तारबंदी काटकर अज्ञात बदमाशों ने कीमती सामान चोरी कर लिया। नायक सूबेदार रॉबर्ट मसीह की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं, रातानाडा के गोवर्धन कॉलोनी निवासी अभिषेक प्रजापत के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी देर रात चोरी हो गई। उधर, भगत की कोठी थाना क्षेत्र में अमृता देवी पार्क के पास खड़ी अनिल कुमार की क्रेन गाड़ी को भी अज्ञात चोर उड़ा ले गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। किशोरी लापता, अपहरण की प्राथमिकी दर्ज महामंदिर थाना इलाके से एक किशोरी के अचानक लापता होने पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रार्थी ने रिपोर्ट दी कि उसकी भांजी 24 सितंबर को अचानक गायब हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो प्रार्थी ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे अगवा कर ले जाने का अंदेशा जताया है। महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इनफिनिटी इंडिया कंपनी में हुई चोरी, केस दर्ज बासनी स्थित इनफिनिटी इंडिया कंपनी में हुई चोरी के सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कंपनी प्रतिनिधि वीरेंद्र राठी ने रातानाडा निवासी महेंद्र चौधरी और पूरणसिंह के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर कंपनी परिसर से सामान चोरी किया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच सहायक उप निरीक्षक पप्पाराम को सौंपी है।