सलूंबर की ग्राम पंचायत रठौड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की मांग को लेकर लोगों ने कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. को चिकित्सा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि रठौड़ा और आसपास के गांवों में बड़ी आबादी निवास करती है, लेकिन क्षेत्र में प्राथमिक स्तर की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। सामान्य बीमारी के इलाज से लेकर आपातकालीन स्थिति तक ग्रामीणों को दूरदराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि रठौड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होने से आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवी सूरजमल अहारी, वीरेंद्र पटेल, हाजाराम कलासुआ, नरेश पटेल, हेमंत पटेल, हरीश कलासुआ और ललित नाथ सहित सर्व समाज के प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।