ऋषिकेश में स्कूटी सवारों को बचाने के चक्कर में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो स्कूटी सवार चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज ऋषिकेश के एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है। इनमें एक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे एम्स ऋषिकेश में रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा देर रात भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर हुआ। मृतकों की पहचान शुभम (26) और ऋषभ (34) के तौर पर हुई है, जो ऋषिकेश के ही रहने वाले थे। तस्वीरें देखिए- सिलसिलेवार ढंग से पूरी खबर… 1. अनियंत्रित होकर पलटी 60 यात्रियों से भरी बस- शुक्रवार देर शाम करीब 8:30 बजे खाराश्रोत पार्किंग से दिल्ली के लिए रवाना हुई राजस्थान नंबर (RJ18PB1409) की बस (जिसमें करीब 60 यात्री सवार थे) भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर ढलान के पास स्कूटी सवारों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। 2. बस के नीचे आए स्कूटी सवार दो चचेरे भाई- हादसे के वक्त गणेश विहार (गंगानगर, ऋषिकेश) निवासी शुभम (26) और ऋषभ (34) सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर बैठे थे। स्कूटी सवारों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित बस सीधे उनके ऊपर पलट गई, जिससे दोनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह ही दोनों ने अपनी बहनों से रक्षासूत्र बंधवाया था। 3. SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन, 13 घायल अस्पताल में भर्ती- हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस के नीचे दबे लोगों को निकाला और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए ऋषिकेश के एसपीएस (SPS) राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां 13 यात्रियों का इलाज जारी है। बस में बिहार के समस्तीपुर, छपार, दरभंगा व अन्य इलाके और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों के यात्री सवार थे। 4. ब्लैक स्पॉट बना भद्रकाली मोड़, गायब हैं साइनबोर्ड- स्थानीय लोगों के अनुसार, भद्रकाली पुलिस चौकी से ढालवाला और ब्रह्मानंद मोड़ के बीच सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड और रेडियम पोल न होने से दूसरे राज्यों के चालक अक्सर नियंत्रण खो देते हैं। साथ ही दो सालों से क्रैश बैरियर भी क्षतिग्रस्त पड़े हैं, जिसके कारण इस अंधे मोड़ पर लगातार हादसे हो रहे हैं।