भाई की कलाई पर राखी बांधकर घर लौट रही बहन राजकुंवर की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। कार और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में राजकुंवर पत्नी कल्याण सिंह निवासी परतेलिया सलूंबर की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र युवराज सिंह और भाभी नांगवाला निवासी लीना कुंवर पत्नी लक्ष्मण सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना गनोड़ा से करीब दो किलोमीटर दूर गनोड़ा-घाटोल मार्ग पर गुंदी वाली रोड के पास शाम 7 बजे की है। मोटागांव थाना अधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि राजकुंवर अपने पुत्र युवराज के साथ नांगवाला स्थित अपने भाई लक्ष्मण सिंह के घर राखी बांधने गई थी। राखी बांधने के बाद मृतका अपने बेटे के साथ गनोड़ा होते हुए सलूंबर लौट रही थी। भाभी लीना कुंवर भी उनके साथ बाइक पर गनोड़ा तक आ रही थी। गुंदी वाली रोड़ के पास कार से भिड़ंत हो गई। टकक्कर इतनी तेज हुई कि हवा में उछलकर खेत में जा गिरी बाइक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक हवा में उछलकर सड़क से करीब 10 फीट दूर खेत में जा गिरी। कार के भी परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहनों के टूटे पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे में गंभीर घायल राजकुंवर की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर महिपाल सिंह, राजेश रोत, छगनलाल, तेजपाल सिंह और धर्मेंद्र सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को हटवाकर यातायात शुरू करवाया। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर थाने में रखवाए हैं। पुलिस चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने देर शाम मृतका का शव एमजी अस्पताल मॉर्च्युरी में रखवा दिया है, आज परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।