रियांबड़ी नगर पालिका में दूसरे चरण की कल वोटिंग होगी। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने रियांबड़ी का दौरा किया। उन्होंने यहां मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर देवेंद्र कुमार के साथ उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, तहसीलदार अशोक कुमार, आईपीएस जतिन जैन, राजेश कुमार मीणा, देवाराम विश्नोई, भारमल चौधरी, उमराव जाट और सुरेश सहित कई अधिकारी मौजूद थे। इन अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, वोटिंग प्रक्रिया, ईवीएम की सुरक्षा और वोटरों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर बोले- आपसी तालमेल से काम करें निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से मतदान केंद्रों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने को कहा। कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए कि वोटिंग के दौरान कोई अव्यवस्था या विवाद नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि वोटर बिना किसी डर के अपना वोट डाल सकें, इसके लिए मतदान केंद्रों पर पूरी सुरक्षा होनी चाहिए। वोटिंग प्रक्रिया में किसी भी तरह का दबाव, पक्षपात या नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने भी अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने को कहा। पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी। बता दें कि रियांबड़ी नगर पालिका में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। नगर पालिका के 20 वार्डों में वोटिंग के लिए 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रशासन और पुलिस ने चुनाव के लिए बड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और डर-मुक्त माहौल में वोटिंग कराने के लिए पूरी तैयारी की है।