जयपुर में निकाय चुनाव से पहले परिसीमन को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक और जयपुर शहर कांग्रेस के प्रभारी रोहित बोहरा ने भजनलाल सरकार पर गलत परिसीमन कर चुनावी फायदा लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने निकाय चुनाव में फायदा लेने की मंशा से परिसीमन कराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर अपनी बात मजबूती से रखेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। रोहित बोहरा ने नगर निकायों के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत 800 करोड़ रुपए की राशि को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह राशि काफी पहले स्वीकृत हो चुकी थी, लेकिन भजनलाल सरकार ने इसे चुनाव से ठीक पहले जारी किया। गुरुवार को कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा के घर पर जयपुर शहर के कांग्रेस विधायक और प्रत्याशियों की अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रोहित बोहरा ने कहा कि राजस्थान की नगर निकायों के हालात खराब हैं और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में सरकार किस आधार पर जनता से वोट मांग रही है। बोहरा बोले- राजस्थान में सरकार नहीं, मजाक चल रहा बोहरा ने कहा कि प्रदेश में सरकार चलने के बजाय मजाक चल रहा है। वित्त विभाग के हालात खराब हैं और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान विकास कार्यों के बजाय ट्रांसफर के नाम पर उगाही करने पर है। बोहरा ने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति का असर नगर निकायों और आम जनता पर साफ दिखाई दे रहा है। अब कचरा उठाने के भी जनता से पैसे ले रही सरकार कांग्रेस विधायक ने कहा कि सरकार की वित्तीय हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब जनता से कचरा उठाने के लिए भी पैसे लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास सड़कों के निर्माण तक के लिए पैसा नहीं है। जयपुर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के शहर में निकलने के दौरान आम जनता को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। पुलिस कई जगहों पर बाजार और सड़कों का ट्रैफिक रोक देती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। जनता सरकार से त्रस्त, निकाय चुनाव में देगी जवाब रोहित बोहरा ने दावा किया कि जयपुर की जनता भजनलाल सरकार से सबसे ज्यादा त्रस्त है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता पिछले ढाई साल के शासन से ऊब चुकी है और अब निकाय चुनाव में वोट की चोट से बीजेपी को जवाब देगी। नगरीय विकास विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप बोहरा ने नगरीय विकास विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी मनमर्जी से काम कर रहे हैं और विभिन्न कार्यों और प्रक्रियाओं के नाम पर उगाही की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जनता को राहत देने की बात तो करती है, लेकिन दूसरी तरफ अलग-अलग माध्यमों से आम लोगों से वसूली की जा रही है। पार्षदों को खरीदकर कांग्रेस की मेयर सरकार गिराई रोहित बोहरा ने जयपुर की पिछली कांग्रेस बोर्ड की मेयर सरकार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पार्षदों को खरीदकर कांग्रेस की मेयर सरकार गिराने का काम किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर में बीजेपी सत्ता हासिल करने के लिए इसी तरह की राजनीति करती है। सत्ता के नशे में बीजेपी नेताओं को जनता की समस्याएं दिखाई नहीं दे रही हैं और उन्हें किसी भी तरह सत्ता चाहिए। जयपुर के लिए कांग्रेस बनाएगी विकास का रोडमैप निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों का जिक्र करते हुए बोहरा ने कहा कि राजधानी जयपुर के लिए पार्टी ने मेनिफेस्टो कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी शहर के विकास और भविष्य की जरूरतों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि इसी रिपोर्ट और जनता से मिले सुझावों के आधार पर कांग्रेस अपना घोषणा पत्र तैयार कर जनता के बीच जाएगी। पार्टी का लक्ष्य अगले 5 साल में जयपुर को और बेहतर शहर बनाना है। 30 अगस्त को प्रत्याशियों का ऐलान, 31 को नामांकन रोहित बोहरा ने कहा कि कांग्रेस 30 अगस्त को निकाय चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। इसके बाद पार्टी के उम्मीदवार 31 अगस्त को अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जयपुर के विकास का स्पष्ट रोड मैप लेकर जनता के बीच जाएगी और निकाय चुनाव में बीजेपी सरकार के कामकाज को मुद्दा बनाएगी।