सलूम्बर नगर परिषद के 25 वार्डों में 11 सितंबर को मतदान खत्म होते ही भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी। शाम करीब 6 बजे मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा के सभी प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सलूम्बर शहर के पास लव-कुश स्कूल में इकट्ठा किया गया। यहां पहले सामूहिक भोजन का इंतजाम किया गया। इसके बाद भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों को एक बस से अज्ञात जगह के लिए रवाना कर दिया गया। बैठक में भाजपा ने सभी 25 वार्डों के प्रत्याशियों से वार्डवार चुनावी फीडबैक लिया। नगर परिषद चुनाव में मतदान पूरा होने के बाद अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं। ऐसे में भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।