सलूंबर गुम और खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में सलूंबर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 150 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई गई है। साइबर टीम द्वारा इन मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों और परिजनों को सुपुर्द किया जा रहा है। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। तकनीकी विश्लेषण से तलाश पुलिस के अनुसार गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए साइबर टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण और निगरानी की जा रही थी। इसी के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 150 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके। सड़क पर मिला मोबाइल अपने पास न रखें पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं पड़ा हुआ या गुम हुआ मोबाइल मिले तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं।वहीं बिना बिल के किसी भी व्यक्ति से मोबाइल फोन खरीदने से बचें।