रक्षाबंधन के अवसर पर राजस्थान पुलिस ने सलूम्बर जिले के सराड़ा में 'रक्षा का वचन' अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सामाजिक सरोकार से जोड़ना था। पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव शर्मा के आह्वान पर पुलिस अधीक्षक सलूम्बर विश्नाराम विश्नोई के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के मार्गदर्शन में सराड़ा वृत्त के विभिन्न थानों और विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीएसपी ने छात्राओं से किया संवाद इसी कड़ी में, राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय चावंड में डीएसपी कृष्ण गोपाल ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं को महिलाओं से जुड़े कानूनों, बाल विवाह के दुष्परिणामों, साइबर सुरक्षा और नशे से दूर रहने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डीएसपी ने शिक्षा और आत्मनिर्भरता को ही सबसे बड़ी सुरक्षा बताया। उन्होंने कालीबाई, सावित्रीबाई फुले और डॉ. भीमराव आंबेडकर के उदाहरण देते हुए बालिकाओं को सशक्त बनने का संदेश दिया। थाना अधिकारी समेत पुलिसकर्मियों को बांधे रक्षा सूत्र थाना जावर माइंस में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सुरक्षा सखियों, सीएलजी सदस्यों और अन्य महिलाओं ने थानाधिकारी इंद्रजीत सहित पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधे। पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का आश्वासन दिया। यह अभियान जिले में 27 और 28 अगस्त को भी जारी रहेगा, जिसके तहत विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।