सलूंबर में दूध के टैंकर और मोपेड बाइक (लूना) में भिड़ंत हो गई। हादसे में मोपेड़ पर सवार 7 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके दादा घायल हो गए। दादा-पोता अपने घर से 10 किमी दूर बारोलजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा सलूंबर-वेश्मा बाइपास रोड पर शनिवार सवेरे करीब 11 बजे हुआ। मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्चे और दादा को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। देखें हादसे के बाद की तस्वीरें… बारोलजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे दादा-पोता सलूंबर थानाधिकारी मुकेश नागदा ने बताया- जिले के बस्सी सामचौत निवासी लक्ष्मण सिंह अपने पोते रणजीत सिंह उर्फ दादू (7) पुत्र ईश्वर सिंह राठौड़ के साथ अपने बारोलजी मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। मंदिर उनके गांव से करीब 10 किमी दूर है। दोनों दादा-पोता लूना पर बैठकर घर से करीब 5 किमी दूर ही निकले थे। जैसे ही दोनों सलूंबर-वेश्मा बाइपास रोड पर पहुंचे, उदयपुर से बांसवाड़ा की तरफ जा रहे दूध से भरे टैंकर से उनकी लूना टकरा गई। टक्कर के बाद दादा-पोता दोनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान रणजीत के ठोड़ी पर चोट लग गई और वो बेसुध हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत रणजीत को सलूंबर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में लक्ष्मण सिंह के भी मामूली चोटें आई। हादसे के बाद दूध टैंकर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूध टैंकर को सड़क से हटाकर थाने में खड़ा करा लिया है। UKG में पढ़ता था रणजीत मृतक रणजीत सिंह उर्फ दादू की उम्र महज 7 वर्ष थी। वो पब्लिक पूर्णिमा स्कूल, बस्सी सिंघावत में UKG कक्षा में पढ़ता था। रणजीत के पिता ईश्वर सिंह अहमदाबाद मे डेयरी पर नौकरी करते है। रणजीत के एक बड़ा भाई है, जो दूसरी कक्षा में पढ़ता है। दादा घर पर कृषि ( खेती ) करते है। हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सलूम्बर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सलूम्बर कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमान्द महेता, सलूंबर थाना अधिकारी मुकेश नागदा सहित शंभू सिंह, राजकुमार, ईश्वर सिंह और सुनील मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।