नाथद्वारा में 21 अक्टूबर से देशभर के गरीब और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बिना खर्च के राष्ट्रीय मंच देने के लिए सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (STCL) का आयोजन होने जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, टूर्नामेंट का बजट करीब 75 लाख रुपए है और इसमें देशभर से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। लीग के मुकाबलों का लाइव प्रसारण सोनी लिव और दूरदर्शन पर किया जाएगा। नाथद्वारा के डॉ. मदन पालीवाल स्टेडियम में पहले सीजन का आयोजन होगा। इस लीग में देशभर से चुने गए 120 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 28 अक्टूबर तक होगा। उदयपुर के पारस महल होटल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में लीग के चेयरमैन डॉ. राजेश झा, वाइस चेयरमैन रवि चिकारा और उदयपुर के पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा ने इस खेल आयोजन की घोषणा की। लीग की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें खेलने वाले खिलाड़ियों के घर से आने-जाने, रहने, खाने और किट का पूरा खर्च संगठन खुद उठाएगा। 12 शहरों में ट्रायल, दिल्ली में री-ट्रायल के बाद बनेगी टीम चेयरमैन डॉ. राजेश झा ने बताया कि इस लीग के लिए देश के 12 बड़े शहरों में ट्रायल रखे गए थे। इन ट्रायल्स में से 400 प्रतिभावान बच्चों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अब दिल्ली में दो दिनों तक डे-नाइट मोड में इन बच्चों का री-ट्रायल लिया जाएगा। इसमें से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले 120 खिलाड़ियों को चुना जाएगा। इन खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 8 टीमें बनाई जाएंगी। टीमों की ड्राफ्टिंग 7 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद सभी 8 टीमें फाइनल कर दी जाएंगी। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य केवल उन बच्चों को मौका देना है जो खेल में अच्छे हैं, लेकिन उनके पास आगे बढ़ने के साधन नहीं है। 75 लाख का बजट लीग की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें शामिल होने वाले जरूरतमंद खिलाड़ियों पर एक रुपए का भी आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। खिलाड़ियों के घर से निकलने, मैच खेलने, फाइव-स्टार होटल में ठहरने और वापस घर लौटने तक का पूरा खर्च मुफ्त रहेगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को जर्सी, जूते और क्रिकेट किट भी मुफ्त दी जाएगी। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए उन्हें प्राइज मनी के रूप में कम से कम 25 हजार, 50 हजार और 1 लाख रुपए तक दिए जाएंगे। प्राइज मनी और मानदेय (रेम्यूनरेशन) को मिलाकर कुल बजट 75 लाख रुपए रखा गया है, जो खिलाड़ियों को सपोर्ट करने के लिए है। टीवी और मोबाइल पर लाइव प्रसारण इस पूरे टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण सोनी लिव (Sony LIV), दूरदर्शन और एबीबी स्पॉर्ट्स चैनल पर किया जाएगा। इससे इन युवा खिलाड़ियों को देशभर के लोगों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा ने कहा कि नाथद्वारा में इस स्तर का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। आर्थिक तंगी नहीं बनेगी खेल में रुकावट लीग के डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि देश में बहुत से ऐसे खिलाड़ी हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी प्रतिभा नहीं दिखा पाते। सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग का साफ मानना है कि किसी भी खिलाड़ी के करियर में पैसा कभी भी रुकावट नहीं बनना चाहिए। इसी सोच के साथ इस लीग की शुरुआत की गई है। ताकि, जमीनी स्तर से छिपे हुए टैलेंट को बाहर निकाला जा सके। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शानदार फाइव-स्टार होटल की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न हो। पूर्व दिग्गज क्रिकेटर शर्मा और मल्होत्रा संभाल रहे कमान इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा लीग कमिश्नर और अशोक मल्होत्रा मेंटर के रूप में काम कर रहे हैं। दोनों पूर्व खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि बच्चों को अच्छी सुविधाएं मिल सकें। टूर्नामेंट में डिप्टी सीएम समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचेंगे इस टूर्नामेंट में 20 से ज्यादा पूर्व भारतीय क्रिकेटर और खेल जगत की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी, जो मैदान पर रहकर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगी। इसके अलावा, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और खास मेहमान भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए नाथद्वारा पहुंचेंगे।