भाड़ौती | रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही कस्बे में मिठाइयों की बिक्री और निर्माण शुरू हो गया है। त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को भाड़ौती कस्बे में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने एक मिष्ठान भंडार से कलाकंद का सैंपल लिया, वहीं खराब मैदा की सठैली का मौके पर नष्टीकरण करवाया। टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया व नितेश गौतम के नेतृत्व में टीम भाड़ौती पहुंची। टीम ने भोले शंकर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर वहां से कलाकंद का सैंपल लिया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा दुकान पर मिली खराब मैदा की सठैली का मौके पर ही नष्टीकरण करवाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने मुख्य बाजार में दो अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री को ढककर रखने, दुकान के अंदर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया ने बताया कि त्योहार के दौरान आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।