मेवाड़ के कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में खोले गए भंडार की दान राशि की चौथे राउंड की काउंटिंग बुधवार को पूरी हुई। चौथे राउंड की काउंटिंग में 4 करोड़ 97 लाख 26 हजार 600 रुपए की दान राशि प्राप्त हुई है। इसके साथ ही अब तक चार चरणों की काउंटिंग में कुल 25 करोड़ 60 लाख 82 हजार 600 रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। अभी भी दान राशि बाकी है, जिसकी काउंटिंग गुरुवार, 17 सितंबर को पांचवें राउंड में की जाएगी। लगातार चार राउंड में करोड़ों रुपए की राशि सामने आने से एक बार फिर श्रीसांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली है। 10 सितंबर को खोला गया था भंडार श्रीसांवलियाजी मंदिर की भंडार दानपेटी 10 सितंबर को चतुर्दशी के दिन खोली गई थी। इसके बाद मंदिर मंडल की ओर से दान राशि की काउंटिंग अलग-अलग राउंड में शुरू की गई। पहले राउंड की काउंटिंग में ही बड़ी राशि सामने आई थी। इसमें 7 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपए प्राप्त हुए थे। इसके बाद दूसरे राउंड की काउंटिंग में 7 करोड़ 51 लाख 94 हजार रुपए की राशि मिली। दोनों राउंड में ही करीब 15 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि गिनी जा चुकी थी। इसके बाद तीसरे राउंड में 5 करोड़ 58 लाख 2 हजार रुपए और जुड़ने के बाद कुल राशि 20 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपए पहुंच गई थी। बुधवार को चौथे राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 25 करोड़ 60 लाख 82 हजार 600 रुपए हो गया। चार दिन रुकी रही थी काउंटिंग, फिर दोबारा शुरू हुई प्रक्रिया भंडार खुलने के बाद दान राशि की काउंटिंग लगातार नहीं हो सकी थी। 11 सितंबर को अमावस्या होने के कारण काउंटिंग नहीं की गई थी। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण बैंक बंद रहे। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा होने के कारण भी इन दिनों काउंटिंग का काम नहीं किया गया। इसके बाद 14 सितंबर को दोबारा काउंटिंग शुरू हुई। सोमवार को दूसरे राउंड की काउंटिंग पूरी की गई और मंगलवार को तीसरे राउंड की राशि गिनी गई। बुधवार को चौथे राउंड में बची हुई राशि की काउंटिंग पूरी की गई। मंदिर मंडल की ओर से हर राउंड की काउंटिंग के बाद राशि की जानकारी जारी की जा रही है। सोने-चांदी और ऑनलाइन दान की राशि की काउंटिंग अभी बाकी भंडार से निकली नकद राशि की काउंटिंग के अलावा सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती वस्तुओं का तौल अभी बाकी है। इसके साथ ही मनीऑर्डर और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त दान राशि की काउंटिंग भी की जानी है। भेंट कक्ष में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य सामग्री का तौल पूरा होने के बाद ही मंदिर को मिले कुल दान का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा। अभी तक जारी आंकड़ा सिर्फ भंडार से मिली नकद राशि का है जो अभी भी बाकी है। पांचवें राउंड में होगी बची राशि की काउंटिंग मंदिर मंडल के अनुसार भंडार में अभी कुछ दान राशि बाकी है, जिसकी काउंटिंग गुरुवार 17 सितंबर को पांचवें राउंड में की जाएगी। इसके बाद भंडार से मिली कुल नकद राशि का अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है।