सवाई माधोपुर के बाटोदा तहसील क्षेत्र में भिनौरा से बाढ़ पनियाला को जोड़ने वाली सड़क की हालत काफी खराब है। जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि साल 2009 के बाद से सड़क का नवीनीकरण नहीं हुआ है। सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं। इसीलिए ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कानाराम को ज्ञापन सौंपा और आगामी पंचायती राज चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। सड़क पर भरा पानी और गड्ढे ग्रामीणों के बताया- भिनौरा से बाढ़ पनियाला तक जाने वाली सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण आवागमन और मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों और ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति और बिगड़ती जा रही है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस मामले में ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अभी तक स्थाई समाधान नहीं हुआ। चुनाव बहिष्कार की चेतावनी समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर सड़क का जल्द निर्माण और नवीनीकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्राम पंचायत चुनाव सहित आगामी चुनावों में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र मीणा और क्षेत्रीय विधायक इंदिरा मीणा पर गांव और पंचायत की अनदेखी करने के आरोप भी लगाए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति का मौके पर निरीक्षण करवाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।