सवाई माधोपुर के कुंडेरा थाना क्षेत्र में जमीन पर जुताई करने से रोकने पर नाराज एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक की मांग है कि प्रशासन उसकी जमीन पर तुरंत जुताई करवाए। उसने कहा कि जब तक जुताई नहीं कराई जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। सूचना मिलने पर कुंडेरा थाना पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाने पर तीन घंटे बाद नीचे उतारा। जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद जानकारी के अनुसार, पाड़ली निवासी गोपाल शर्मा (35) पुत्र हनुमान प्रसाद शर्मा का गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले का केस रेवेन्यू बोर्ड में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह गोपाल शर्मा विवादित मामले से अलग अपनी दूसरी जमीन पर जुताई करने गया था। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने उसे जमीन जोतने नहीं दिया। इससे नाराज होकर वह पास में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को समझाने में जुटे अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद कुंडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। जुताई कराने की मांग पर अड़ा गोपाल शर्मा ने कहा- प्रशासन उसकी जमीन पर तुरंत जुताई करवाए। जब तक जमीन की जुताई नहीं कराई जाएगी, तब तक वह पानी की टंकी से नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के समझाने पर तीन घंटे बाद नीचे उतर गया।