सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के कब्जे से अब तक कुल 39 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। जयपुर से किया गिरफ्तार थानाधिकारी मंगेलाल यादव ने बताया- पूर्व में गिरफ्तार साजिद खान उर्फ साजिद टूटा निवासी फलसावटा से पूछताछ की गई थी। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी के मोबाइल खरीदकर बेचने के मामले में सद्दाम हुसैन पुत्र अलादीन पठान (35) निवासी मोहल्ला गोरेयान दरगाह कदम रसूल, थाना गलता गेट, जयपुर उत्तर की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सद्दाम हुसैन को सूरजपोल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी से गिरोह और चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। अब तक 39 मोबाइल बरामद पुलिस के अनुसार, इससे पहले इसी प्रकरण में गिरफ्तार साजिद खान उर्फ साजिद टूटा से 37 मोबाइल बरामद किए गए थे। अब सद्दाम से दो मोबाइल बरामद होने के बाद चोरी के मोबाइल चैन के तहत कार्रवाई में कुल 39 मोबाइल बरामद हो चुके हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सीआई मंगेलाल यादव, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार, केदार गुर्जर और मनकेश की भूमिका रही।