सवाई माधोपुर नगर परिषद के वार्ड 11 में वार्डवासियों की ओर से एक सफाई कर्मचारी को सेवानिवृत्त होने से पहले अनोखे तरीके से विदाई दी गई। दरअसल, सफाई कर्मचारी दयाल लंबे समय से अपनी सेवाएं वार्ड नंबर 11 में दे रहे थे। उनके व्यवहार कुशलता के सभी लोग काफी प्रभावित हैं। जिसके चलते 30 सितंबर को उनकी सेवानिवृत्ति से पहले सम्मान समारोह किया गया। वार्ड 11 की नवनिर्वाचित भाजपा पार्षद अनुराधा शर्मा के केशव नगर स्थित निवास पर हुए समारोह में दयाल का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान उनके लंबे सेवाकाल में वार्ड की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। सफाई कर्मचारी को दिया सम्मान समारोह में वार्ड 11 के प्रभारी जमादार वीरेंद्र, मानटाउन सफाई इंचार्ज मनोज कलोशिया सहित वार्ड में कार्यरत अन्य सफाई कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर पार्षद अनुराधा शर्मा ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वार्ड बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से वार्ड की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान करने में सहयोग करने की अपील की। पार्षद अनुराधा शर्मा ने सेवानिवृत्त होने जा रहे सफाई कर्मचारी दयाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी जीवन के सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भाजपा नेता ने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया इस अवसर पर भाजपा नेता हरिनारायण शर्मा ने भी सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए मेहनत करते हैं और उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का मंच संचालन ललिता प्रसाद विजय ने किया। ये रहे मौजूद… समारोह में पूर्व सभापति बद्रीलाल यादव, पूर्व पार्षद हरिमोहन जाट, एलपी विजय, राजेंद्र सिंह नरूका, वेद प्रकाश शर्मा, कांति प्रसाद, रमेश चंद्र गौतम, ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा, नरेश जैन, राधा बल्लभ शर्मा, कुलदीप इंदौरिया, मदनलाल शर्मा, सुनील शर्मा, शंकर सोनी, मुकेश गौतम, रघुकुल सहित अन्य वार्डवासी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।