विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन विभाग की ओर से सवाई माधोपुर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस साल दिवस की थीम ‘डिजिटल एजेंडा एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टू रिडिजाइन टूरिज्म’ रखी गई है। कार्यक्रमों के जरिए जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को पर्यटकों और आमजन से जोड़ने का प्रयास किया गया। रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का स्वागत कार्यक्रमों की शुरुआत पर्यटक स्वागत केंद्र के उप निदेशक मधुसूदन सिंह ने रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का स्वागत कर की। इस दौरान पर्यटकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। स्टेशन पर कच्ची घोड़ी नृत्य समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिन्हें देखकर पर्यटक आकर्षित हुए। भैरू दरवाजे से गलता मंदिर तक हेरिटेज वॉक पर्यटन विभाग और इंटेक की ओर से जिले के प्राचीन और ऐतिहासिक स्थलों से लोगों को रूबरू कराने के लिए हेरिटेज वॉक निकाली गई। यह भैरू दरवाजे से शुरू होकर शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल आमने-सामने का मंदिर होते हुए गलता मंदिर पहुंची। इसमें शामिल लोगों को क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य के बारे में जानकारी दी गई। गलता मंदिर परिसर में साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया। इसके जरिए ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कार्यक्रमों के तहत विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें जिले के पर्यटन स्थलों, इतिहास, संस्कृति और विरासत की जानकारी देकर विद्यार्थियों को पर्यटन के प्रति जागरूक किया गया। विश्व पर्यटन दिवस पर हुए इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जिले की समृद्ध पर्यटन विरासत को बढ़ावा देना और नई तकनीक व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए पर्यटन को नए स्वरूप से जोड़ना रहा।