भास्कर न्यूज | झालावाड़ प्रदेश में गुरुवार से स्कूलों का समय नहीं बदलेगा। प्रदेश में गर्मी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला किया है। शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग में संशोधन करते हुए 1 अक्टूबर से विद्यालयों का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखने के आदेश जारी किए हैं। राजस्थान समग्र शिक्षक संघ के जिला संयोजक सुहास शर्मा एवं जिला महामंत्री शोएब खान ने बताया कि संघ की ओर से भी शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन देकर गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय यथावत रखने की मांग की थी। अब शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग में संशोधन कर नया समय निर्धारित किया है। संघ पदाधिकारियों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं शिक्षा सचिव ललित कुमार का आभार जताया।