भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के निर्देशानुसार जिले में 28 से 30 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना एवं खाद्य योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों व शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। जिला रसद अधिकारी विनिता शर्मा ने बताया कि शिविरों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड की पोर्टेबिलिटी व्यवस्था को लेकर सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियां संचालित की जाएगी। इसके माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। शिविर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित आवेदन प्रकरणों का निस्तारण, चयनित परिवारों की आधार सीडिंग, चयनित लाभार्थियों की ई-केवाईसी तथा लाभार्थी परिवारों की एलपीजी आईडी सीडिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा संपर्क, सीपीग्रामस एवं एनएफएसए पोर्टल पर प्राप्त लंबित परिवादों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं निर्धारित विशिष्टताओं की जानकारी देने के लिए खाद्यान्न के नमूनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। जिला रसद अधिकारी ने जिले के समस्त उचित मूल्य दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी पंचायत समिति मुख्यालय पर शिविर में पॉस मशीन सहित उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शिविरों में आमंत्रित कर अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।