झुंझुनूं शहर में राजकीय गर्ल्स कॉलेज के सामने शहीद इंद्र सिंह सैनी स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। शहीद इंद्र सिंह की शनिवार को 13वीं पुण्यतिथी थी। चंचलनाथ टीला पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज की मौजूदगी में यहां श्रद्धांजलि सभा हुई। सभा में शहीद के परिजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम संयोजक एवं शहीद के भाई बंजरंगलाल सैनी ने अइंद्र सिंह के जीवन और देश सेवा को याद किया। वक्ताओं ने कहा- इंद्र सिंह का साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और देश के लिए दिया गया बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन जी रहे हैं। ऐसे वीर सपूतों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद इंद्र सिंह सैनी के स्मारक एवं प्रतिमा पर अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पमाला व पुष्पचक्र अर्पित किए। सभी ने दो मिनट मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान शहीद के परिवार के सदस्यों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। समारोह में भाजपा नेता कमलकांत शर्मा, झुंझुनूं नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला अगवान, बगड़ नगरपालिका चेयरमैन राकेश शर्मा, झुंझुनूं नगर परिषद उपसभापति वीरेंद्र डारा, वरिष्ठ पार्षद बुधराम सैनी, पार्षद प्रदीप सैनी, सुरेश सैनी, गोपाल शर्मा, समाजसेवी जगदीश सैनी, घड़सीराम सैनी, हरेन्द्र डारा, भाजपा शहर आईटी संयोजक नंदलाल सैनी, अजय शर्मा बगड़ सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर शहीद को श्रद्धांजलि दी। शहीद पुत्र राकेश सैनी, दलीप सैनी सहित शहीद के परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में युवाओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर शहीद की स्मृति को सेवा कार्य से जोड़ा। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।