भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से गेंद चमकाने के लिए लार (Saliva) के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध की समीक्षा करने की मांग की है। वेलिंगटन टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद गिल ने कुकाबुरा गेंद की क्वालिटी पर गंभीर सवाल उठाए और इसे गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बताया।
25-30 ओवर में ही नरम हो रही है गेंद
शुभमन गिल ने बताया कि मैच के दौरान गेंद महज 25-30 ओवर के भीतर ही नरम हो रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि गेंद की गुणवत्ता में गिरावट आई है या क्या समस्या है, लेकिन इतनी जल्दी नरम होने के कारण गेंदबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है।' गिल के मुताबिक, गेंद नरम होने से बल्ले का किनारा लगने के बाद कैच स्लिप या विकेटकीपर तक नहीं पहुंच पाते, जिससे गेंदबाजों के विकेट लेने के मौके कम हो जाते हैं।
लार बैन पर बोले गिल: अब समय बदल चुका है
लार के इस्तेमाल को लेकर गिल ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कोविड के दौर में यह नियम सुरक्षा कारणों से लागू किया गया था, लेकिन अब हम उस दौर से काफी आगे निकल चुके हैं। भारतीय कप्तान ने कहा, 'मुझे समझ नहीं आता कि अभी भी इस पर प्रतिबंध क्यों जारी है। ऐसी पिचें जहां गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही, वहां गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल न कर पाना गेंदबाजों की मुश्किलें और बढ़ा देता है।'
गेंदबाजों के वर्कलोड का रखा ध्यान
वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों ने करीब 250 ओवर की गेंदबाजी की। खिलाड़ियों की थकान को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने क्राइस्टचर्च में होने वाली एक निर्धारित टीम एक्टिविटी को रद्द कर दिया है। गिल ने कहा, 'हमारे गेंदबाजों ने बहुत मेहनत की है, इसलिए वे आराम के हकदार हैं। टीम एक्टिविटी रद्द कर दी गई है और हम उन्हें डिनर पर बाहर ले जाएंगे।'
बता दें कि वेलिंगटन टेस्ट में भारत ने पहली पारी 720/9 के विशाल स्कोर पर घोषित की थी, लेकिन दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने टिककर बल्लेबाजी की और मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहे।