भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम की रणनीति लगभग तय हो गई है। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को पुष्टि की है कि टीम सात बल्लेबाजों और चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी। जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी से भारत का पेस अटैक काफी मजबूत हुआ है।

गेंदबाजों का चयन चुनौती

कप्तान गिल ने माना कि तेज गेंदबाजों का चयन करना आसान नहीं है क्योंकि हालिया वनडे सीरीज में सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अंतिम एकादश (प्लेइंग-11) के लिए चार गेंदबाजों का चुनाव अभी किया जाना बाकी है। गिल ने कहा, 'हमें यह देखना होगा कि पुरानी गेंद के साथ भी कौन सा गेंदबाज असरदार साबित होता है। हमें ऐसे गेंदबाजों की जरूरत है जो पिच पर गेंद को जोर से पटक सकें।'

बल्लेबाजी गहराई पर ध्यान

टीम में सात बल्लेबाजों को जगह देने के साथ-साथ निचला क्रम भी मजबूत किया गया है। गिल ने बताया कि नंबर 8 और 9 पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप बल्लेबाजी में योगदान दे सकते हैं। नीतीश कुमार रेड्डी भी टीम के लिए बल्लेबाजी का एक अन्य विकल्प हैं। टीम स्क्वॉड में गुरनूर बरार को बरकरार रखा गया है, जबकि कुलदीप यादव को रिलीज कर दिया गया है।

ऋषभ पंत पर भरोसा

ऋषभ पंत की फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों पर शुभमन गिल ने स्पष्ट किया कि उन्हें लेकर टीम में कोई दुविधा नहीं है। गिल ने कहा, 'ऋषभ पंत टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने दुनिया भर की अलग-अलग परिस्थितियों में रन बनाए हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में लगाया गया शतक भी शामिल है। उन्हें लेकर कोई भ्रम नहीं है।'

न्यूजीलैंड की तैयारी और रचिन रवींद्र की वापसी

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र कंधे की चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। रचिन ने कहा कि वेलिंगटन की पिच पर नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिलती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाती है। गौरतलब है कि भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज पहले ही जीत ली है, और अब टीम टेस्ट सीरीज जीतकर दौरे का समापन जीत के साथ करना चाहेगी।