सीकर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय भागवत कथा सुनाएंगे। सीकर की सालासर रोड पर स्थित एक गार्डन में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। 7 दिवसीय आयोजन में शहर के 300 से ज्यादा सामाजिक और धार्मिक संगठन सहयोग कर रहे हैं। आयोजन मंडल के मीडिया प्रभारी संजय मोर और संजय शर्मा ने बताया कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कथा होगी। 1 अक्टूबर को छोटा तालाब स्थित खाकीजी मंदिर से दयालदास महाराज के सान्निध्य में कथास्थल तक कलश यात्रा निकलेगी। कथा के दौरान रोजाना विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 15 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था संयोजक सत्य सोमानी और दिनेश बियाणाी ने बताया कि गार्डन में लगे वाटरप्रूफ टेंट में करीब 15 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। महिला-पुरूषों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था रहेगी और बुजुर्ग व दिव्यांगजनों के आने-जाने के लिए ई-रिक्शा चलेंगे। भागवत कथा में आने-जाने के लिए सीकर शहर समेत आसपास के गांवों से भी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। प्रेस वार्ता में आयोजन मंडल के नरेश नारवानी और राहुल तिवाड़ी ने बताया कि कथाव्यास इंद्रेश उपाध्याय की कथा के दौरान पहले दिन भागवत महात्म्य, दूसरे दिन कपिल चरित्र-अजमल चरित्र-ध्रुव चरित्र और जड़भरत कथा, तीसरे दिन प्रहलाद चरित्र व वामन अवतार, चौथे दिन कृष्ण जन्मोत्सव(नंदोत्सव), पांचवे दिन गोवर्धन लीला महोत्सव, छठे दिन भगवान कृष्ण-रूक्मिणी विवाह महोत्सव और सातवें दिन सुदामा चरित्र और शुकदेव पूजन की झांकियां सजाई जाएंगी। इस मौके पर दिनेश बियानी, सुशील मटोलिया, गौरव सोमानी, कपिल मंगनानी, नरपत सिंह शेखावत सहित आयोजन समिति के कार्यकर्ता मौजूद थे।