सीकर में रविवार शाम को तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। आज सुबह से ही जिले में तेज धूप निकली है, जिससे अचानक गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने जिले में अगले 2 दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान जताया है। बीती शाम हुई बारिश के बाद जिले के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जिले में इस साल मानसून की औसत से भी कम बारिश हुई है। इससे पहले रविवार शाम को हुई बारिश सीकर की नवलगढ़ रोड, पिपराली रोड, फतेहपुर रोड और बजाज रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई। नवलगढ़ रोड पर बसों के टायर तक डूब गए। पिपराली रोड पर बारिश का पानी भरने से कोचिंग स्टूडेंट्स परेशान हुए और गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। रविवार को सीकर समेत जिलेभर में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया था। फिलहाल सीकर जिले में पिछले 3 दिन के तापमान में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। 1 अक्टूबर से फिर तापमान बढ़ने का अनुमान है। जिले में फिलहाल बाजरे की कटाई चल रही है। ऐसे में रविवार को हुई बारिश से खरीफ की फसल को काफी नुकसान हुआ है। किसान तनसुख ओला ने बताया कि बारिश से किसानों की बाजरा, ग्वार, चंवला, मूंग, मोठ की फसल का नुकसान हुआ है। सरकार को किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देना चाहिए।