राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर सिरोही में 7 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजय शर्मा के मार्गदर्शन में ‘ऑर्गेनाइजेशन ऑफ 7 डेज अवेयरनेस ड्राइव ऑन वर्ल्ड फूड डे’ के तहत अभियान आयोजित होगा। इसमें खाद्य सुरक्षा, पोषण, मोटे अनाज के महत्व और सरकारी खाद्य योजनाओं तक आमजन की आसान पहुंच के बारे में जागरूक किया जाएगा। व्यापारियों के साथ बैठक में बनी कार्ययोजना अभियान की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही की सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने संबंधित लोगों के साथ बैठक की। इसमें फूड सेफ्टी ऑफिसर धर्मवीर, सिरोही होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष शांतिलाल माली और स्ट्रीट फूड वेंडर्स के अध्यक्ष प्रकाश माली सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित करने और खाद्य सुरक्षा एवं पोषण का संदेश आमजन तक पहुंचाने को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बार-बार गर्म किया तेल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक फूड सेफ्टी ऑफिसर धर्मवीर ने खाद्य पदार्थों की सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। बार-बार गर्म करने से तेल में हानिकारक रासायनिक तत्व उत्पन्न हो सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होते हैं और हृदय संबंधी बीमारियों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकते हैं। कच्चे-पके खाद्य पदार्थ अलग रखने की सलाह उन्होंने खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं ढककर रखने, साफ पानी का उपयोग करने और कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताई। खाद्य कारोबारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, पैकिंग एवं लेबल की जांच और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई। बाजरा-ज्वार-रागी को आहार में शामिल करने पर जोर बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया। साथ ही एक्सपायरी डेट वाले उत्पाद नहीं बेचने और बाजरा, ज्वार व रागी जैसे मोटे अनाज को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी गई। व्यापारियों से उपभोक्ताओं को स्वच्छ, ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने खाद्य कारोबारियों से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण से जुड़े संदेशों को विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।