सिरोही में गणपति महोत्सव के समापन के बाद सोमवार सुबह से गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन लगातार जारी है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूमते-नाचते गणपति महाराज की प्रतिमाओं को लेकर कालकाजी तालाब पहुंच रहे हैं। यहां पूजा-पाठ के बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए गोताखोर और पुलिस तैनात श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कालकाजी तालाब पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। विसर्जन के दौरान गोताखोरों के साथ पुलिस 112 और महिला पुलिस की व्यवस्था की गई है। तालाब के पानी में गोताखोरों के अलावा किसी अन्य को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने छोटे बच्चों को तालाब किनारे जाने से भी रोक दिया है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। इस व्यवस्था से श्रद्धालु भी संतुष्ट नजर आए। अलग-अलग अंदाज में गणपति को लेकर पहुंचे श्रद्धालु इस बार गणपति महाराज को विसर्जन के लिए लाने के दौरान भी अलग-अलग दृश्य देखने को मिले। कुछ श्रद्धालु रोल्स रॉयस कार में गणपति जी को लेकर पहुंचे। कार के आगे डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते-गाते चल रहे थे। वहीं, कुछ लोगों ने लोडिंग टेंपो का इस्तेमाल किया तो किसी ने गणपति महाराज को अपने सिर पर विराजमान कर रखा था। कई अन्य वाहनों से भी श्रद्धालु प्रतिमाएं लेकर कालकाजी तालाब पहुंचे। लेडी पेट्रोलिंग और सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी विसर्जन के दौरान कोतवाली पुलिस के साथ लेडी पेट्रोलिंग टीम भी तैनात रही। इसके अलावा सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते दिखाई दिए। जिलेभर में गणपति महोत्सव मनाए जाने के बाद अब श्रद्धालु अलग-अलग स्थानों से प्रतिमाएं लेकर कालकाजी तालाब पहुंच रहे हैं और विधि-विधान से विसर्जन कर रहे हैं।