निकाय चुनाव का मतदान खत्म होते ही सिरोही में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है, लेकिन राजनीतिक दलों के लिए असली गणित अभी बाकी है। बहुमत के आंकड़े और संभावित जोड़-तोड़ को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं। चर्चा है कि कांग्रेस ने सिरोही नगर परिषद के प्रत्याशियों को शहर से करीब 65 किलोमीटर दूर एक बड़े रिसॉर्ट में ठहराया है। वहीं, भाजपा के प्रत्याशियों को भी सिरोही से बाहर रणकपुर के आसपास सुरक्षित जगह पर रखे जाने की खबरें हैं। दैनिक भास्कर डिजिटल के एक्सक्लूसिव वीडियो में कांग्रेस प्रत्याशियों से जुड़े काफिले की आवाजाही दिखी है। बताया जा रहा है कि यह काफिला एक बड़े रिसॉर्ट तक पहुंचा। हालांकि, प्रत्याशियों के वहां ठहरने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच, सिरोही टोल के पास पानी की करीब 12 बोतलों का कैरेट लेकर एक वाहन शिवगंज की ओर जाता दिखा। इस आवाजाही को भी बाड़ेबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सिर्फ इस वाहन के आधार पर कोई नतीजा निकालना संभव नहीं है। दूसरी ओर, भाजपा के प्रत्याशियों को भी सिरोही से बाहर रणकपुर क्षेत्र के आसपास रखे जाने की चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे नतीजों तक प्रत्याशियों को एकजुट रखने और संभावित जोड़-तोड़ से बचाने की रणनीति माना जा रहा है। मतदान के बाद कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों को भी सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए जाने की खबरें हैं। भाजपा और कांग्रेस कार्यालयों में समर्थकों की आवाजाही बनी हुई है। प्रत्याशी और उनके समर्थक वार्डवार मतदान प्रतिशत, संभावित वोटों और जीत-हार का हिसाब लगाने में लगे हैं।