सिरोही शहर के अरविंद पवेलियन में मुस्लिम समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर लोढ़ा ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक और मानसिक विकास के लिए नहीं हैं। ये समाज में भाईचारा, एकता, अनुशासन और अच्छी प्रतिस्पर्धा की भावना भी बढ़ाते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। लोढ़ा ने बताया कि सिरोही में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही ट्रेनिंग, संसाधन और मौके देने की जरूरत है। उन्होंने घोषणा की कि सिरोही की खेल अकादमी इसी महीने फिर से शुरू होगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहने को कहा। इस दौरान नगर परिषद उपसभापति ईश्वर सिंह डाबी, पुनीत जैन, दशरत नरुखा, पार्षद सरफ़राज़, अफसाना कौसर और सालेहा परवीन भी मौजूद थे।