गांवों में छोटे स्तर पर अपना व्यवसाय, उत्पाद या हुनर के साथ आगे बढ़ रहे उद्यमियों के लिए गांव से ग्लोबल-ग्रामीण उद्यमिता विकास एवं बाजार पहुंच पहल के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 सितंबर कर दी गई है। इसका उद्देश्य ऐसे ग्रामीण उद्यमियों को आगे बढ़ाना है, जिनके पास अच्छा उत्पाद या हुनर है। लेकिन उचित मार्ग दर्शन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, तकनीकी जानकारी और बाजार तक पहुंच नहीं होने के कारण वे अपने कारोबार का विस्तार नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीण विकास एवं चेतना संस्थान की इस पहल के बारे में सामाजिक कार्यकर्ता एवं रूमा देवी फाउंडेशन की संस्थापक के अनुसार छोटे स्तर पर काम करने वाले महिला-पुरुष उ द्यमियों को भी इसमें आवेदन का अवसर दिया गया है। इसके लिए पहले से बड़ा उद्योग या बड़ा कारोबार होना जरूरी नहीं है। घर, गांव या छोटे स्तर पर उत्पाद अथवा व्यवसाय चलाने वाले लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। गांव से ग्लोबल को सामान्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के बजाय तीन वर्षीय उद्यम विकास पहल के रूप में तैयार किया गया है। इन 17 जिलों के उद्यमियों को मिल सकेगा अवसर योजना के तहत झुंझुनूं सहित अजमेर, बाड़मेर, बालोतरा, बीकानेर, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, चूरू, जोधपुर, नागौर, राजसमंद, उदयपुर, सिरोही, ब्यावर, डीडवाना- कुचामन और हनुमानगढ़ जिले के ग्रामीण उद्यमी आवेदन कर सकते हैं। इनमें हस्तशिल्प, हथकरघा, टेक्सटाइल, पारंपरिक उत्पाद और अन्य संभावनाशील लघु उद्यमों से जुड़े लोग इस पहल का लाभ ले सकते हैं।