अंधाधुंध गोलीबारी के चलते दक्षिण अफ्रीका में 27 लोगों की मौत हो गई। एक घटना जोहान्सबर्ग में हुई जिसमें 17 लोगों की मौत हुई। वहीं दूसरी घटना केपटाउन में हुई जिसमें 10 लोग मारे गए। पुलिस के अनुसार जोहान्सबर्ग के गौतेंग में वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात करीब 9:30 बजे गोलीबारी हुई। वहीं केपटाउन के ल्वांडले इलाके में रविवार सुबह गोलीबारी हुई। जोहान्सबर्ग में हुई गोलीबारी का वीडियो सामने आया है। गोलीबारी से पहले लोग बार में पार्टी कर रहे थे। हमलावर AK-47 लेकर आए और फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। न्यूज वेबसाइट दि साउथ अफ्रीका के मुताबिक पिछले एक साल में यानी 27 सितंबर 2025 से 26 सितंबर 2026 तक 21 मास शूटिंग घटनाएं दर्ज हैं, जिनमें कुल 140 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। 8 हमलावरों ने लोगों पर फायरिंग की दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक जोहान्सबर्ग में 8 अज्ञात हमलावर बार में पहुंचे और बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावर बार के अंदर घुसे और वहां मौजूद लोगों पर भी फायरिंग की। गोलीबारी क्यों की गई इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों के पास AK-47 राइफल के साथ-साथ पिस्तौल भी थी। गोलीबारी के बाद हमलावरों ने कुछ लोगों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद वे दो अज्ञात गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। रविवार तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 58 लोगों की हत्या पुलिस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मार्च के बीच दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 58 लोगों की हत्या हुई। इनमें बंदूकों से की जाने वाली हत्याएं भी शामिल हैं। देश में सार्वजनिक सुरक्षा सुधारने को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बन रहा है। --------------------- यह खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की: कहा- ड्रोन हमलों का जवाब दिया पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने कहा कि ये हमले अफगानिस्तान से एक दिन पहले हुए ड्रोन हमलों के जवाब में किए गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…