श्रीलंका ने नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम घोषित कर दी है। तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा और विकेटकीपर अंजला बंडारा को टीम में जगह मिली है। लेफ्ट आर्म पेसर दिलशान मदुशंका की भी टीम में वापसी हुई है। वहीं, निरोशन डिकवेला को टीम से बाहर कर दिया गया है। कुशल मेंडिस पहली बार टेस्ट कप्तान के रूप में टीम की अगुआई करेंगे। दोनों टेस्ट रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे। डिकवेला की जगह लेंगे बंडारा अंजला को पहली बार इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है। उन्होंने डिकवेला की जगह ली है। डिकवेला को अगस्त में भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए वापस बुलाया गया था, लेकिन अब उन्हें टीम में नहीं चुना गया। धनंजय डी सिल्वा के कप्तानी छोड़ने के बाद कुशल मेंडिस को टेस्ट कप्तान बनाया गया है। पाकिस्तान दौरे पर यह उनकी पहली टेस्ट सीरीज बतौर कप्तान होगी। ईशान मलिंगा पहली बार टेस्ट टीम ईशान मलिंगा छोटे फॉर्मेट में लगातार खेलते रहे हैं। यह उनका पहला टेस्ट टीम कॉल-अप है। उन्होंने 19 फर्स्ट क्लास मैचों में 44 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 31.15 रहा है। लाहिरु उदारा और कामिल मिशारा को भी टीम से बाहर किया गया है। दोनों ने कोलंबो में भारत के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेला था। ऑलराउंडर सहन अचिरगे को भी टीम में जगह नहीं मिली। उन्हें भारत के खिलाफ उस टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया था। दिनेश चांदीमल की टीम में वापसी हुई है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में उन्हें कन्कशन के कारण मैच से बाहर किया गया था। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए श्रींलका स्क्वॉड कुशल मेंडिस (कप्तान), पाथुम निसांका, पसिंदु सूरियाबंडारा, दिनेश चांदीमल, कामिंडु मेंडिस, सोनल दिनूषा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंडारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलान रत्नायके, लाहिरु कुमारा, असिता फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा। इस्लामाबाद बम विस्फोट के बाद श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान छोड़ा था नवंबर 2025 में इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती बम धमाके और सुरक्षा चिंताओं के कारण श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ियों ने पाकिस्तान दौरा बीच में छोड़कर स्वदेश लौटने का फैसला किया था। हालांकि, बाद में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के निर्देश पर बाकी टीम पाकिस्तान में रुकी और उसने आगे के मैच खेले। श्रीलंकाई टीम को पाकिस्तान दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी थी। पाकिस्तान ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। 17 साल पहले टीम बस पर हमला हुआ था 17 साल पहले श्रीलंकाई क्रिकेटर्स की टीम बस पर हमला हुआ था। मार्च 2009 में TTP आतंकवादियों ने गद्दाफी स्टेडियम के पास टीम की बस पर गोलियां चलाई थी। इसमें किसी की जान तो नहीं गई थी, लेकिन कुछ खिलाड़ी घायल हुए थे। जिसके कारण करीब 10 साल तक पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच नहीं हुआ था। क्योंकि, कई विदेशी टीमों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण देश का दौरा करने से इनकार कर दिया था।