11 सितंबर को होने वाले नगरपरिषद चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस ने तेजी ला दी है। बुधवार को श्रीगंगानगर विधानसभा प्रभारी सुंदर बेरड़ की मौजूदगी में मुकेश ऑडिटोरियम में पार्टी की बैठक हुई। इसमें सैकड़ों टिकट दावेदार और उनके समर्थक ढोल बजाते और फूल बरसाते हुए आवेदन करने पहुंचे। टिकट के दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन दिखाया। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष व श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर, पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मिगलानी, शहर ब्लॉक अध्यक्ष धर्मपाल झोरड़ और देहात ब्लॉक अध्यक्ष श्याम पुनियानी समेत कई नेता मौजूद रहे। एक्टिव कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता प्रभारी सुंदर बेरड़ ने बताया- कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए पहली बार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। अब तक करीब 680 आवेदन पार्टी को मिल चुके हैं। टिकट उसी प्रत्याशी को दी जाएगी, जो पिछले पांच साल से अपने वार्ड में लगातार सक्रिय रहा हो और जनता की समस्याओं को उठाकर समाधान के लिए काम करता रहा हो। बेरड़ ने दावा किया- मौजूदा माहौल को देखते हुए कांग्रेस का नगरपरिषद बोर्ड बनने की पूरी संभावना है। जल्द ही जिताऊ उम्मीदवारों का चयन कर टिकट घोषित किए जाएंगे। जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों की टिकट पक्की जिलाध्यक्ष रूपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा- पार्टी सिर्फ जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को ही टिकट देगी। पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मंगलानी ने कहा कि ये चुनाव कोर्ट के आदेश के बाद हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता मौजूदा सरकार से परेशान हो चुकी है और इसका असर निकाय चुनाव में साफ दिखेगा।