श्रीगंगानगर जिले के जैतसर में बाइक की किस्त(EMI) वसूलने पहुंचे प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उनकी कार छीन ले जाने का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर को ओपन बंदी शिविर के पास की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार- शाहरुख खान निवासी प्रेमनगर मोकलसर (राजियासर) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- वह मनबा फाइनेंस कंपनी में टीएम पद पर कार्यरत है। 24 सितंबर को वह सूरजपाल से बाइक की किस्त लेने के लिए जैतसर स्थित ओपन बंदी शिविर के पास गया था। सूरजपाल ने कंपनी से बाइक फाइनेंस करवा रखी थी। शाहरूख के साथ सद्दाम हुसैन, राजपाल, शाह रसूल, इसराइल और मनीर भी कार में वहां पहुंचे थे। आरोप है कि उनके वहां पहुंचते ही अजरूद्दीन, इशाद, दलीप सहित 7-8 अन्य लोग वहां आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी उसकी कार छीनकर अपने साथ ले गए। कार में करीब 50 हजार रुपए कैश और अन्य कागजात थे। वहीं, सद्दाम हुसैन के पर्स में भी करीब 10 हजार रुपए थे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।